लद्दाख को वर्ष 2026 के लिए भारत के सबसे खास और पसंदीदा पर्यटन स्थलों में शामिल किया गया है। देश-विदेश के ट्रैवल प्लेटफॉर्म और टूरिज़्म विशेषज्ञों के अनुसार, लद्दाख अब सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि “मीनिंगफुल ट्रैवल” यानी प्रकृति, संस्कृति और आत्मिक अनुभव से जुड़ी यात्रा का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है।
लद्दाख की पहचान उसकी बर्फ से ढकी पहाड़ियाँ, नीला आसमान, शांत झीलें और अनोखी बौद्ध संस्कृति से है। पैंगोंग झील, नुब्रा घाटी, त्सो मोरीरी, हेमिस और थिकसे मठ जैसे स्थल पर्यटकों को खास तौर पर आकर्षित कर रहे हैं। यहां आने वाले पर्यटक न केवल प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हैं, बल्कि स्थानीय जीवनशैली, परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण से भी जुड़ते हैं।
पर्यटन विशेषज्ञों का कहना है कि लद्दाख में सस्टेनेबल टूरिज़्म, होम-स्टे, लोकल हैंडीक्राफ्ट और एडवेंचर टूरिज़्म को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका को भी मजबूती मिल रही है। ट्रेकिंग, बाइक टूर, स्टार-गेजिंग और आध्यात्मिक पर्यटन में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
सरकार और स्थानीय प्रशासन भी पर्यटन सुविधाओं, सड़क संपर्क और पर्यावरण-अनुकूल योजनाओं पर ध्यान दे रहा है। यही वजह है कि आने वाले समय में लद्दाख न केवल भारत, बल्कि दुनिया भर के यात्रियों के लिए एक खास और यादगार डेस्टिनेशन बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।