राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में इस वर्ष वसंत ऋतु के आगमन के साथ ही 5 लाख से अधिक ट्यूलिप के फूलों ने शहर की सुंदरता को और भी निखार दिया है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद यानी NDMC द्वारा राजधानी के प्रमुख इलाकों में बड़े स्तर पर ट्यूलिप के पौधे लगाए गए हैं, जिससे शहर के कई हिस्से रंग-बिरंगे फूलों से सजे नजर आ रहे हैं।
एनडीएमसी के अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष ट्यूलिप महोत्सव के तहत लगभग 5.1 लाख ट्यूलिप के पौधे लगाए गए हैं। इन फूलों को खासतौर पर लुटियंस दिल्ली के प्रमुख स्थलों जैसे उद्यानों, गोल चक्करों और प्रमुख सड़कों के किनारे लगाया गया है, ताकि राजधानी की सौंदर्यता को बढ़ाया जा सके और पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके।
ट्यूलिप के खिले हुए फूलों को देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की भीड़ भी इन इलाकों में पहुंच रही है। विभिन्न रंगों में खिले ये फूल शहर के वातावरण को जीवंत बना रहे हैं और लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। कई लोग यहां पहुंचकर फोटोग्राफी का आनंद ले रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी इनकी तस्वीरें साझा कर रहे हैं।
एनडीएमसी का मानना है कि इस पहल से न केवल शहर की हरियाली को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही राजधानी में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में भी मदद मिलेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इन फूलों की सुंदरता बनाए रखने में सहयोग करें और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं, ताकि आने वाले दिनों में भी राजधानी इसी तरह प्राकृतिक सौंदर्य से सजी रहे।